जिलेभर में विश्वकर्मा जयंती पर रविवार को कल कारखानों में आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बिजली विभाग व कल-कारखानों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की गई। विधिवत पूजाअर्चना कर व्यवसाय में समृद्धि की कामना की गई।
नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई के बाद भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई। मंदिरों में भी वाहनों की पूजा करवाने को लोगों की भीड़ रही। हरबंशपुर स्थित विश्वकर्मा मंदिर से जुलूस निकाला गया जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: मंदिर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष रामधन शर्मा, राजेश विश्वकर्मा, रजनीश विश्वकर्मा, माेनू विश्वकर्मा, अशोक विश्वकर्मा सहित काफी लोग शामिल रहे। देर रात तक मंदिर में कार्यक्रम चला।
मेजवां : फूलपुर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-आराधना की धूम रही। जगह-जगह हवन-पूजन संग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। रेलवे स्टेशन, विद्युत उपकेंद्र, टेलीफोन केंद्र में भगवान विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन किया गया। फूलपुर के पास जगदीशपुर और खुरासों रामबचन डिग्री कालेज में विश्वकर्मा समाज के लोगों ने सामूहिक पूजन अर्चन किया। सरायमीर : प्राथमिक विद्यालय चकनेवाज में बच्चों संग विश्वकर्मा जयंती मनाई गई। इस दौरान अनीता साइलेस व सुमनलता राय सहित आदि शामिल रहे।