नगर पालिका परिषद चुनाव में बृहस्पतिवार को मतदान प्रक्रिया शुरु होने के निर्धारित समय सात बजे से पहले ही जागरूक महिला और पुरुष मतदाता बूथों पर पहुंंच गए। मुस्लिम बहुल इलाकों में मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। इलाकों में जमकर वोट डाले गए।मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र कोट, जालंधरी, राजा साहब किला, बाजबहादुर, तकिया, पहाड़पुर, बदरका मुल्ले की मुस्लिम महिलाओं ने जमकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मदरसा जामियतुल कुरैश जालंधरी में जहां मुस्लिम महिलाओं की लंबी कतार रही वहीं मदरसा जामियतुल रशाद में भी देखने को मिली। ऐसे ही शिब्ली नेशनल इंटर कालेज और शिब्ली डिग्री कालेज में मुस्लिम महिलाओं की जागरुकता देखने को मिली। अग्रसेन इंटर और डिग्री कालेज में बड़ी संख्या में वोट डाले गए। वहीं मतदाताओं की सबसे बड़ी शिकायत रही कि बीएलओ के घर-घर नहीं पहुंचने के कारण न तो नामों में संशोधन किया गया और न ही नए नाम बढ़ पाए। जिसके कारण लोग मतदान स्थल पर जाकर वोटर लिस्ट में अपना नाम ढूंढ़ते हुए परेशान नजर आए।