आजमगढ़। जिले में आजमगढ़ और लालगंज लोकसभा सीट पर नामांकन की प्रक्रिया दूसरे दिन मंगलवार को भी कड़ी सुरक्षा के बीच कलेक्ट्रेट में जारी रही। दोनों सीटों से 12 लोगों ने नामांकनपत्र खरीदा। आजमगढ़ सीट से सात और लालगंज सीट से दो लोगों ने नामांकनपत्र लिया। वहीं, आजमगढ़ सीट से एक प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल किया। जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल भारद्वाज ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक कलेक्ट्रेट के कमरा नं.-32 और कमरा नं.-14 में चल रही है। पहले दिन सोमवार को दोनों सीटों से 30 लोगों ने 55 पर्चे खरीदे थे। आजमगढ़ सीट से 23 लोगों ने 35 नामांकन पत्र खरीदे और एक ने पर्चा दाखिल किया। वहीं, लालगंज सीट से सात लोगों ने 20 नामांकन पत्र खरीदे थे। मंगलवार को आजमगढ़ लोकसभा सीट से सात लोगों ने 12 नामांकन पत्र खरीदे। वहीं, आम जनता पार्टी के उम्मीदवार अनिल चौहान ने नामांकन दाखिल किया। इसी तरह लालगंज सीट से दो लोगों ने दो नामांकन पत्र खरीदे। इस सीट से किसी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। दूसरे दिन लालगंज लोकसभा सीट से दो लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। इनमें भारत नमन पार्टी की पुंदरी गौतम और आजाद समाज पार्टी के सुभाष ने एक-एक सेट में पर्चा खरीदा। इस सीट के लिए दो दिन में कुल 22 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है।
आजमगढ़ लोकसभा सीट के लिए सात लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। इनमें निर्दल अक्षय कुमार चौहान ने एक सेट, आजाद समाज पार्टी के दिनेश सराेज ने एक सेट, निर्दल पवन कुमार सिंह ने एक सेट, राष्ट्रीय जनसहयोग पार्टी के रुस्तम ने एक सेट, मूल निवासी समाज पार्टी के राजधारी राजभर ने दो सेट, भारतीय समाज पार्टी के मोहिंदर कुमार ने दो सेट और भागीदारी पार्टी के रघुनाथ ने दो सेट नामांकन पत्र खरीदा। इस तरह आजमगढ़ सीट के लिए दो दिनों में 45 सेट नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है।