आजमगढ़। काफी समय पहले बने आधार कार्डों के फिंगर प्रिंट मिस मैच हो रहे हैं। ऐसे लोगों को आधार कार्ड में फिंगर प्रिंट अपडेट कराना पड़ रहा है। इसके लिए आधार कार्ड अपडेट करने वाले केंद्रों पर भीड़ जुट रही है। लोगों को कुछ मिनट के इस काम के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
फिंगर प्रिंट मिस मैच होने के चलते लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसमें खासकर महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। सबसे अधिक दिक्कत राशन को लेकर है। वर्षों पहले बने आधार कार्ड में लिए गए फिंगर प्रिंट राशन वितरण के लिए लगी बायोमेट्रिक मशीन पर काम नहीं कर रहे हैं। इसके कारण लोग आधार केंद्रों पर बायोमेट्रिक अपडेशन कर रहे हैं। यही कारण है कि आधार केंद्रों पर भीड़ इस कदर उमड़ रही है कि लोगों को घंटों बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। अब तक सात लाख लोग राशन कार्ड का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी करा चुके हैं। बाकी के राशन कार्डधारक अभी नहीं करा सके हैं। इनमें तो ज्यादातर फिंगर प्रिंट मिस मैच वाले हैं। अब वह अपना आधार कार्ड अपडेट कराने में जुटे हैं, ताकि राशन कार्ड में वह अपना ई-केवाईसी कर लें।
राशन कार्ड में जुड़े सभी लोगों की ई-केवाइसी कराई जा रही है। अब तक सात लाख से अधिक लोगों ने ई-केवाइसी करा ली है। ई-केवाइसी कराना सभी कार्डधारकों के लिए अनिवार्य है। - देवेंद्र सिंह, एआरओ पूर्ति विभाग, आजमगढ़।