आजमगढ़। कूटरचित अभिलेखों के आधार पर आरोपियों की जमानत कराने वाले गिरोह के मुख्य सरगना दयाराम निवासी रामपुर कला, थाना टांडा जिला अंबेडकरनगर को जीयनपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को जमसर स्थित रॉयल स्टार ढाबा के बाहर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से आठ मुहरें, आठ आधार कार्ड, चार खतौनी और अन्य दस्तावेज बरामद किया गया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि चौकी प्रभारी कचहरी चंद्र प्रकाश कश्यप ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि कुछ जमानतदार आर्थिक लाभ के लिए गंभीर आपराधिक मामलों में बंद आरोपियों की फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत करा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि एक ही जमानतदार एक ही अभिलेख के आधार पर कई अभियुक्तों की जमानत करा चुका है।