आजमगढ़। देवगांव कोतवाली के रामपुर कठरवा गांव में शनिवार की रात बंद घर में घुसे चोरों ने पूरी रात घर को खंगाला। तीन मंजिला मकान में घुसे चोरों ने कई कमरों का ताला तोड़कर चोरी की। घटना की जानकारी रविवार की सुबह लोगों को हुई। मकान मालिक सहित पुलिस को सूचना दी।
रामपुर कठरवा ग्राम निवासी ज्ञानेंद्र सिंह का पूरा परिवार मुंबई में रहता है। गांव में उनका तीन मंजिला मकान है। शनिवार की रात चोरों ने मकान में चोरी की। रविवार की सुबह जब मकान की देखभाल करने वाला व्यक्ति पहुंचा तो ताला टूटा देख कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना के बाद मौके पर पुलिस डॉग स्क्वायड की टीम के साथ पहुंची और जांच पड़ताल की।
देवगांव कोतवाली प्रभारी गजानंद चौबे ने बताया कि क्या सामान चोरी हुआ है, अभी सही जानकारी नहीं हो पा रही है। मुंबई से मकान मालिक को बुलाया गया है, उनके आने के बाद ही सही-सही मामले की जानकारी मिलेगी।