जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में शनिवार को फूलपुर तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस हुआ। इस दौरान 95 में से 10 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया। अधिकतर मामले जमीन और रास्ते को लेकर रहे।
जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन-जिन विभागों से संबंधित आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, उसे जल्द से जल्द शत प्रतिशत गुणवत्तायुक्त निस्तारित करें। यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारम्भिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। इस मौके पर सीडीओ श्रीप्रकाश गुप्ता, सीएमओ डा. आईएन तिवारी, पीडी अखिलेश तिवारी, एसडीएम फूलपुर, तहसीलदार फूलपुर आदि उपस्थित रहे।
निजामपुर गांव निवासी भुनाती देवी ने बताया कि गांव में चक आउट की भूमि है। जिस पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। चालीस साल बीत गए विपक्षी कब्जा नही करने दे रहे है। मकदूमपुर गांव निवासिनी सविता ने बताया कि अपनी आराजी का एसडीएम के आदेश पर पत्थर नसब कर दिया गया गया है। खेत में चारो तरफ पत्थर लगे हैं लेकिन विपक्षी कब्जा नहीं करने दे रहे हैं।अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
इजदीपुर निवासी बासदेव चौहान ने बताया कि दबंगों खड़ंजे को उखाड़ कर फेंक दियाहै। दो माह से चक्कर काटने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। मुंडवर गांव निवासी अकलैन ने बताया कि पिछले तीन तहसील दिवस पर बूढ़ापुर से मुंडवर तक जर्जर मार्ग की शिकायत की गई। सार्वजनिक निर्माण विभाग सड़क की मरम्मत नही कर रहा है। शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।