बलरामपुर। जहानागंज थाना क्षेत्र के आजमबांध में निर्माणाधीन विश्वविद्यालय परिसर में 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आने से पेटिंग का काम कर रहा मजदूर झुलस गया। साथी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोंडा जिला से मजदूरों का दल ठेकेदार के जरिये राज्य विश्वविद्यालय आजमबांध में काम करने आया था। इस समय पेंटिंग का काम चल रहा है। गोंडा जिले के करनैल थाना के गौरा सिंघनापुर गांव निवासी सूरज (30) शुक्रवार को वह लोहे की सीढ़ी लेकर कहीं जा रहा था। इसी बीच परिसर में गुजरे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार के संपर्क में आने से सूरज गंभीर रूप से झुलस गया। साथी मजदूर उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।