अहरौला। कम खाद्यान्न देने के मामले में ग्रामीणों की शिकायत पर बुधवार को जांच करने पहुंचे आपूर्ति निरीक्षक ने कोटे की दुकान को निलंबित कर पास के गांव से अटैच कर दिया। जांच के दौरान मई का उठाया गया खाद्यान्न भी स्टॉक में कम मिला।
बीबी पखनपुर गांव के पात्र गृहस्थी व अंत्योदय कार्ड धारकों ने मार्च और अप्रैल का कोटेदार पर अंगूठा लगकर खाद्यान्न वितरण नहीं करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की थी। शिकायत की जांच करने बुधवार को बूढ़नपुर तहसील के पूर्ति निरीक्षक विकास सिंह बाबा पालदास कुटी पखनपुर में पहुंचे। वहां सभी कार्ड धारकों का बयान दर्ज किया।
जांच में कई महीनों का स्टॉक रजिस्टर अधूरा है। कार्ड धारकों ने अंगूठा लगाने के बाद भी मार्च और अप्रैल माह का खाद्यान्न न देने की बात कही। हर महीने में 2 किलो कम खाद्यान्न देने की शिकायत की। बयान दर्ज करने के बाद आपूर्ति निरीक्षक स्टॉक रूम पहुंचकर स्टॉक की जांच की। वहां मई माह में उठान किया गया राशन भी कम पाया गया।
सभी शिकायत सही पाए जाने के बाद उन्होंने कोटेदार की दुकान को निलंबित कर दिया। स्टॉक में मौजूद खाद्यान्न को अटैच कोटे की दुकान बनरहिया फत्तेपुर भेज दिया। इस मौके पर अजय सिंह, हरिश्चंद्र, सुरेश गुप्ता, तीरथ प्रजापति, जितेंद्र गौड़, रामआसरे प्रजापति आदि मौजूद थे।
सभी कार्डधारकों का बयान दर्ज किया गया है। लोगों ने अप्रैल में राशन न मिलने की बात कही है। स्टॉक रजिस्टर अधूरा है। उठाया गया मई का राशन भी स्टॉक में कम मिला। कोटे की दुकान को निलंबित कर बगल के गांव से अटैच किया गया है। - विकास सिंह, आपूर्ति निरीक्षक बूढ़नपुर।