मेंहनगर। थाना क्षेत्र के हथौड़ी गांव में रविवार की रात आयी बारात में डीजे पर डांस को लेकर मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना के दौरान हुई चाकूबाजी में दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां एक की हालत गंभीर बतायी जा रही है। मेंहनगर के गौरा (चुटहिया) हरिजन बस्ती से रविवार को एक बारात हथौड़ी गांव गई हुई थी। बारात में देर रात डीजे पर डांस के दौरान कुछ लोगों में विवाद हो गया। इस दौरान किसी ने राकेश (30) व सिंघासन (28) पर चाकू से प्रहार कर गंभीररुप से घायल कर दिया। डांस के दौरान चाकूबाजी की घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मेंहनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने राकेश की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना से बारात में हड़कंप मच गया था। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।