विगत तीन-चार दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव चल रहा है। इतना ही नहीं बेमौसम बरसात भी हो रही है। बुधवार को हुई बरसात के दौरान गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर ईंट भट्ठा मजदूर की मौत हो गई तो वहीं उसकी पत्नी व बेटा झुलस गए। सूचना पर पुलिस ने झुलसे मां-बेटा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया तो वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
मूलरुप से कंधरापुर क्षेत्र का रहने वाला महेंद्र वनवासी (35) ईंट भट्ठा मजदूर है। वह अपनी पत्नी कमलावती (30) व बेटा आकाश (05) के साथ कप्तानगंज थाना क्षेत्र के छाता का पुरवा में रहता था। भाऊपुर गांव स्थित विनोद यादव के भट्ठा पर वह मजदूरी करता था। बुधवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे वह अपनी पत्नी व बेटे के साथ पैदल ही भट्ठा पर काम करने जा रहा था। अभी तीनों बनकट जगदीशपुर गांव के पास ही पहुंचे थे कि अचानक से तेज बरसात शुरू हो गई और इसी दौरान बादल कड़का व आकाशीय बिजली गिरी। जिसकी चपेट में आने से महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी कमलावती व बेटा आकाश झुलस कर बेहोश हो गए। जानकारी होते ही भट्ठा पर काम करने वाले मजदूर मौके पर पहुंच गए। सूचना पर कप्तानगंज थाना पुलिस भी पहुंची और झुलसे मां-बेटा को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया। वहीं मृतक महेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजवा दिया।