जीयनपुर कोतवाली प्रभारी को एक अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई करने पर वर्दी उतरवा देने की धमकी मिली है। फोन करने वाले ने खुद को भाजपा प्रदेश महामंत्री व एमएलसी सुभाष यदुवंशी बताया। कई बार एक नंबर से फोन आने से परेशान कोतवाल ने इस बाबत अपने ही थाने में धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है।
थाने पर दी गई तहरीर के मुताबिक कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार पांडेय ने बताया है कि सीयूजी नंबर पर 30 नवंबर की शाम चार बजे एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले न खुद को सुभाष यदुवंशी एमएलसी बस्ती व प्रदेश महामंत्री भाजपा बताया। उसने कहा कि रामजीत यादव निवासी राजूपट्टी थाना कोतवाली जीयनपुर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करना था। इसके बाद भी तुमने उसका 151 में चालान कर दिया। अब रामजीत के खिलाफ कोई कार्रवाई किए तो ठीक नहीं होगा। मैं तुम्हें देख लूंगा और तुम्हारी वर्दी तक उतरवा दूंगा। इस बाबत तुम्हारी एसपी से भी बात कराता हूं। इसके बाद भी सीयूजी पर उक्त नंबर से कई बार कॉल आया और बार-बार रामजीत के खिलाफ कार्रवाई करने पर तरह-तरह की धमकी दी जाती रही। जांच करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त नंबर एमएलसी सुभाष यदुवंशी का नहीं है और कोई फर्जी व्यक्ति एमएलसी के नाम से अभियुक्त रामजीत को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सीयूजी पर कॉल कर धमका रहा था। उक्त नंबर धारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
कोतवाल को धमकाने वाले की हुई पहचान, गिरफ्तार
जीयनपुर कोतवाली विवेक कुमार पांडेय को एमएलसी बन धमकाने वाले अभियुक्त की शनिवार की देर शाम पुलिस ने सर्विलांस आदि की मदद से पहचान कर ली। अभियुक्त की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गढ़वल गांव निवासी राजेश यादव के रूप में की गई। उसे पुलिस ने देर शाम केशवपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार भी कर लिया। पुलिस ने उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। संवाद