मेंहनगर। विकास खंड मेंहनगर के खेवसीपुर गांव में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का पंचायती राज विभाग के परामर्श अभियंता ने बुधवार की देर शाम निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण मानक के विपरीत हो रहा था। जेई ने सचिव व प्रधान को मटेरियल हटाने का दिया निर्देश दिया। साथ ही अपनी जांच आख्या बीडीओ को सौंपी। निर्माण को लेकर काफी पहले से लोग सवाल खड़ा कर रहे थे। खेवसीपुर गांव निवासी प्रिंस यादव ने सोमवार को बीडीओ मेंहनगर को लिखित शिकायती पत्र देकर जांच कराने की मांग की थी। आरोप था कि शासन मंशा के निर्देशन में ग्राम निधि से अतिरिक्त कक्ष का निर्माण किया जा रहा है। गांव में जो निर्माण हो रहा उसकी गुणवत्ता बेहद खराब है। घटिया ईंट, सफेद बालू, गिट्टी के अलावा मानक के विपरीत निर्माण हो रहा है। भविष्य में किसी समय भी धराशायी हो सकता है। ऐसे में निर्माण रोका जाना आवश्यक है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ श्वेतांक सिंह ने एडीओ पंचायत को निर्देश दिए कि स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करें। साथ ही संबंधित अवर अभियंता को स्थलीय जांच आख्या प्रेषित करने का निर्देश दिया। पंचायतीराज विभाग के परामर्श अभियंता जितेंद्र कुमार ने जांच करने के बाद निर्माण कार्य में दोयम दर्जे की ईंट, सफेद बालू, सफेद गिट्टी निर्माण कार्य में पाया गया। उन्होंने कार्य को रोकते हुए सचिव व ग्राम प्रधान को सख्त निर्देश दिए कि उक्त मटेरियल का प्रयोग नहीं होना चाहिए। इसे तत्काल प्रभाव से कार्य स्थल से हटा लें। गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य करें। अवर अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत कर्ता की शिकायत को जायज बताया।