आजमगढ़। रोडवेज बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए बसों में नकद रुपये की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए विभाग ने व्यवस्था कर दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए अब रोडवेज की बसों में कैशलेस व्यवस्था से टिकट खरीदने की सुविधा मिलेगी। जनपद के लिए 403 हाईटेक एंड्राएड ई-टिकटिंग मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं। आजमगढ़ के अधीन चार बस डिपों का संचालन होता है। जिसके अंतर्गत कुल 403 बसें संचालित होती है। परिवहन निगम की ओर से 403 टच स्क्रीन ई-टिकट मशीनें मुहैया कराई गई हैं। लखनऊ से इन मशीनों के मिलने के बाद इसे अपडेट कराया जा रहा है। अपडेट करने के बाद इसे परिचालकों को मुहैया करा दिया जाएगा। यात्री अपने टिकट का पेमेंट ऑनलाइन करके कंडक्टर से टिकट प्राप्त कर सकेंगे। अगर इन मशीनों में कोई दिक्कत होती है, तो इसके लिए दो विशेषज्ञ भी रखे गए हैं, जो इसका तुरंत निस्तारण कर इसे फिर से प्रचलन में ला देंगे। मशीन के अंदर किराया और रूट अपलोड करने के बाद बसों के कंडक्टर को उपलब्ध करा दिया जाएगा। कुछ ही दिनों में ऑनलाइन पेमेंट की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। कैशलेस की सुविधा चालू होने से सवारियों को काफी सुविधा भी मिलेगी। हाईटेक एंड्राएड ई-टिकटिंग मशीन से रोडवेज बसें लैस होंगी। यात्री नकद किराए के साथ ही क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, फोन-पे, पेटीएम, गूगल-पे सहित विभिन्न डिजिटल तरीके से टिकट खरीद सकेंगे। यानी टिकट खरीदने के बाद फुटकर पैसों की झंझट और साथ में नकदी लेकर चलने की अनिवार्यता भी खत्म हो जाएगी। आरएम रोडवेज केशरी नंदन चौधरी शासन स्तर से हमें 403 मशीनें प्राप्त हो गई है। अभी इन मशीनों को सिंक्रोनाइजेशन होना बाकी है। इन मशीनों को जीपीएस के थ्रू कनेक्ट किया जाना है। जिसकी तैयारी चल रही है। जल्द ही बसों में कैशलेस सफर की सुविधा मुहैया हो जाएगा।