आजमगढ़। सभी विभागीय अधिकारी लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करें। सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर ग्रेडिंग एवं रैंकिंग में सुधार लाएं। मार्च के पहले ही टेंडर आदि प्रक्रिया को पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करें। यह निर्देश जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बुधवार को सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर विभागों की ग्रेडिंग एवं रैंकिंग की समीक्षा के दौरान दिए । उन्होंने कहा कि लगातार ग्रेडिंग एवं रैंकिंग में नीचे रहने वाले विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करें।
डीएम विशाल भारद्वाज ने ई एवं डी ग्रेड पाने वाले विभागों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त किया। कहा कि प्रत्येक दशा में इस माह के रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में सुधार लाएं। सभी विभाग मार्च के पहले ही विभागीय बजट का व्यय एवं लाभार्थीपरक योजनाओं में ट्रांसफर कराएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के भवनों एवं सड़कों के निर्माण की समीक्षा करते हुए कहा कि जल्द से जल्द निर्माण को पूर्ण करें।
सिंचाई विभाग को टेल तक पानी एवं सिल्ट सफाई के कार्य को शत प्रतिशत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी एवं सिंचाई विभाग को पौधारोपण के लिए विश्वविद्यालय, बिलरियागंज-रौनापार मार्ग, रासेपुर-तितरा मार्ग आदि प्रमुख स्थानों को चयनित करने के निर्देश दिए। कहा कि वन विभाग से समन्वय कर एक जैसी प्रजाति के पौधों को लगाएं। विद्युत विभाग को बिल सुधार एवं विद्युत शिकायतों को दूर कर ग्रेडिंग में सुधार लाएं। कौशल विकास विभाग को लक्ष्य के सापेक्ष अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश दिए।
इसके साथ एक ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, माध्यमिक शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास व मुख्यमंत्री आवास, पशुपालन, दुग्ध, दिव्यांग, पेंशन, समाज कल्याण, मत्स्य, कोऑपरेटिव, 15वां वित्त आयोग की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी विनय कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी एनआरएलएम, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई व सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।