18 ठेकमा ब्लॉक के सरायपल्टू गांव में जांच करती टीम
बरदह। विकास खंड ठेकमा के सरायपल्टू गांव में फर्जी भुगतान की शिकायत पर मंगलवार को जांच करने टीम पहुंची। टीम ने गांव में कराए गए कार्यों की जांच की।
अंबरीश राय और राघवेंद्र पांडेय ने जिलाधिकारी को पत्रक देकर 14 बिंदुओं पर शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि गांव में फर्जी तरीके से सरकारी धन का भुगतान किया गया है। इसको डीएम ने गंभीरता से लेते हुए टीम गठित कर जांच का आदेश दिया था। बीते 25 सितंबर को जब जांच टीम गांव में पहुंची तो ग्राम प्रधान और सचिव न पहुंचने से कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया था। इसके बाद मंगलवार को दोबारा टीम जांच करने गांव में पहुंची। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मुकेश गुप्ता और अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई कार्यों का भुगतान कई महीने पहले ही कर लिया गया है और कुछ कामों को हाल ही में किया गया दिखाया था। ग्राम प्रधान ने अधिकारियों को बताया कि कुछ कारणों से काम नहीं हो पाया था। अब उसे करवाने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में सीबीओ मुकेश गुप्ता ने कहा कि अधिकांश कार्यों के अभिलेख उपलब्ध नहीं हो पाए। जांच रिपोर्ट डीएम को देंगे।