आजमगढ़। बीएसए कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक जिले के 26 से अधिक परिषदीय स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। इससे हजारों बच्चों का जीवन खतरे में रहता है। बेसिक शिक्षा निदेशक ने तीन दिन में इसकी रिपोर्ट मांगी है। तारों को तीन दिन में हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से मिलकर तत्काल कार्रवाई कराने और उसे गूगल फार्म पर ऑनलाइन रिपोर्ट देने को कहा है।
स्कूल ऊपर से निकली लाइन के साथ खुले में रखे ट्रांसफार्मर हटवाने के लिए बीएसए व बीईओ ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखा पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब बेसिक शिक्षा निदेशक शुभा सिंह ने बीएसए को निर्देश दिए हैं कि बिजली विभाग के अधिकारियों से मिलकर स्कूलों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन हटवाई जाए।
इसकी रिपोर्ट तीन दिन के अंदर गूगल फार्म पर ऑनलाइन भेजी जाए। रिपोर्ट भेजने के बाद किसी स्कूल में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से कोई घटना होती है तो इसकी जिम्मेदार संबंधित अधिकारी होंगे। बीएसए अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा भी जा चुका है। बजट की समस्या आड़े आ रही है।