बलरामपुर। दशहरे के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंच गये। इस दौरान बड़े पैमाने पर कोताही मिली। बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने के बावजूद चिकित्सक अपने कक्षों में नहीं मिले। सफाई की व्यवस्था में भी खामी मिली। डीएम ने सुधार का निर्देश दिया। कहा कि सभी डॉक्टर अपनी ओपीडी में समय से बैठें। राउंड का समय ओपीडी से पूर्व या बाद में निर्धारित किया जाये।
डीएम विशाल भारद्वाज बृहस्पतिवार को 10.30 बजे अचानक जिला अस्पताल पहुंच गये। सबसे पहले उन्होंने ओपीडी की जांच की। कई डॉक्टरों के ओपीडी कक्ष खाली मिले। जबकि भारी संख्या में मरीज जांच के लिए चिकित्सक का इंतजार करते हुए दिखे। डॉक्टर के बाबत पूछने पर बताया गया कि वे राउंड पर हैं।
जिलाधिकारी ने इस पर कड़ी नाराजगी जतायी और एसआईसी डॉ. अनूप श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि राउंड का समय ओपीडी की टाइमिंग से पूर्व निर्धारित की जाये। ओपीडी के समय में सभी डॉक्टर ओपीडी में बैठ कर मरीजों की जांच करें-इलाज करें। इसके बाद जिलाधिकारी ने इमरजेंसी, सीटी स्कैन, वार्ड, पीआईसीयू, कुपोषण वार्ड के साथ ही शौचालय की दशा भी देखी।
हड्डी वार्ड के पीछे जल जमाव पर एसआईसी को तत्काल इसे दुरुस्त कराने के लिए कहा। उन्होंने एसआईसी को निर्देशित किया कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। इसे जल्द से जल्द कराएं। जल निकासी की समस्या के निदान का भी उन्होंने निर्देश दिया।
इस दौरान सीएमओ डॉ. आईएन तिवारी, एसआईसी डॉ. अनूप श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। जिलाधिकारी ने कई मरीजों से सुविधाओं आदि के बाबत पूछताछ भी किया। कई मरीजों ने अपनी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिसके निदान का डीएम ने जिम्मेदारों को निर्देश दिया।