जनपद न्यायाधीश और अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दिनेश चंद व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री अनीता ने जिला कारागार आजमगढ़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने जेल में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में उपस्थित बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं नि:शुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया। साथ ही सचिव ने जेल में स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया। जेलर रविंद्र नाथ ने बताया कि वर्तमान में जेल में 64 महिला व 1186 पुरूष विचाराधीन बंदी जेल में है तथा जेल अस्पताल में भर्ती बंन्दियों की संख्या 12 है। जेल में रह रही महिला बंदियों ने सचिव से बताया कि उनको समय से भोजन, पानी, दवा तथा बच्चों के लिए दूध, अंडा दिया जाता है। निरीक्षण के दौरान प्रभारी वरिष्ठ जेल अधीक्षक/जेलर राजेंद्र सिंह, चिकित्साधिकारी डा. देव प्रभाकर, डिप्टी जेलर श्रीधर यादव, महिला डिप्टी जेलर नीलम, लिपिक पुनीत यादव व आशुलिपिक कमरूल उपस्थित रहे।