आजमगढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम ने कृषि संवर्गीय विभागों (कृषि, उद्यान, कृषि रक्षा, मत्स्य, पशुपालन, दुग्ध, सहकारिता, गन्ना आदि) की समीक्षा की। डीएम ने उप कृषि निदेशक को नेशनल मिशन ऑन एडिबल आयल के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष अवशेष कार्याें को जल्द पूरा करने के लिए निर्देश दिया। किसानों की आय वृद्धि कराने के लिए प्रयास किया जाए।
डीएम विशाल भारद्वाज ने कहा कि किसानों के लिए जो भी योजनाएं हैं, उसमें पंजीकरण तथा अन्य स्वीकृति आदि कार्य इसी माह पूर्ण कर लें। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों द्वारा कृषि यंत्र क्रय करने के लिए जो भी आवेदन किए जाए उनका सत्यापन कराकर नियमानुसार यंत्र उपलब्ध कराएं। कहा कि जो उद्यमी लाइसेंस लेकर कृषि एग्रीजंक्शन स्थापित किया है, उनके स्वावलंबन के लिए नियमानुसार ऋण उपलब्ध कराएं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्लाकवार एफपीओ की संख्या में वृद्धि कराएं तथा गठित एफपीओ के माध्यम से किसानों के उत्पादन को बाजार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसी के साथ ही उन्होंने कहा कि किस प्रकार से किसानों की आय में और वृद्धि की जाए, उस पर विशेष ध्यान देकर किसानों की आय में वृद्धि के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। उन्हांेने जिला उद्यान अधिकारी को किसानों को फूलों की खेती करने के लिए जागरूक करने को कहा। डीएम ने प्रधानमंत्री एफएमई की समीक्षा की। संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया कि बैंकों से समन्वय स्थापित कर बैंक लेवल पर पेंडेंसी को तत्काल खत्म कराएं। इसी के साथ ही डीएम ने मत्स्य, कृषि रक्षा, पशुपालन, सहकारिता, दुग्ध विकास आदि की समीक्षा की। लक्ष्य के सापेक्ष सभी कार्यां को पूर्ण करने का निर्देश दिया।