33/11 केवीए विद्युत सब स्टेशन रौनापार से संचालित सोन बुजुर्ग गांव में बिजली की सप्लाई कटिया कनेक्शन के सहारे हो रही है। पूरे गांव में तारों का मकड़जाल लटका हुआ है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द बंच केबल लगवाने की मांग की है। बताते चलें कि गांव में लगभग सवा दो सौ घर हैं और हर खंभे पर 20 से 30 परिवार कटिया डालकर बिजली ले रहे हैं। ग्राम प्रधान सुफियान ने बताया कि गांव में बंच केबल नहीं लगा है। ऐसे में लोग तारों में कटिया लगाकर अपने घरों में आपूर्ति पहुंचा रहे हैं। गांव के सफी अहमद, मनोहर, कुरेश, तैय्यब, आलम आदि ने कहा कि गांव में बंच केबल और बाक्स लगा ही नहीं है, घर में बिजली आपूर्ति के लिए तारों में कटिया फंसाकर काम चलाया जा रहा है। यदि विभाग बंच केबल लगा दे और बाक्स से सबको को कनेक्शन दे, तो क्यों कोई तारों में कटिया फंसाया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विभाग को लिखकर और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द तारों को हटाकर बंच केबल लगाया जाए।