आजमगढ़। जिलाधिकारी के आदेश पर एक शराब माफिया की लगभग 80 लाख की संपत्ति को शनिवार की देर शाम कुर्क किया गया। तहसीलदार सदर के नेतृत्व में टीम ने जाफरपुर स्थित चंदन यादव के मकान को कुर्क करने की कार्रवाई की।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अवैध शराब कारोबारी चंदन यादव के यहां से भारी मात्रा में अपमिश्रित शराब बरामद हुई थी। इसमें चंदन यादव के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रिया कलाप में उसे पाबंद किया गया था। चंदन ने अवैध शराब कारोबार से अर्जित धन से अपनी मां राजो देवी पत्नी स्व. हरिराम के नाम से जाफरपुर में भूखंड क्रय किया था। जिस पर एक मंजिला पक्का मकान बनवाया था। उक्त संपत्ति का सर्किल रेट कीमत 32.60 लाख व वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 80 लाख रुपये है। इसे शनिवार की शाम जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज के आदेश पर तहसीलदार सदर व प्रभारी निरीक्षक सिधारी मय फोर्स के द्वारा कुर्क करने की कार्रवाई की गई।