फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साइबर क्राइम की घटनाओं से बचना है तो बदलते रहें पासवर्ड

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। लगातार बढ़ रहे साइबर फ्रॉड पर विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोमवार को शिब्ली नेशनल महाविद्यालय सभागार में पुलिस पाठशाला का आयोजन किया गया। जिसमें एसपी अनुराग आर्य और एएसपी शैलेंद्र लाल ने साइबर फ्रॉड के विभिन्न और नए तरीकों के बारे में बताया। साथ ही विद्यार्थियों को अनजान फोन कॉल न उठाने की सलाह देते हुए समय-समय पर आईडी का पासवर्ड बदलते रहने के लिए कहा ताकि उनकी आईडी हैकिंग से बची रहे। इस दौरान उन्होंने खासकर बच्चों को ओटीपी शेयर न करने, दूसरों की आईडी प्रयोग न करने, किसी से भी अपने आईडी का पासवर्ड शेयर न करने की सलाह दी। एएसपी शैलेंद्र लाल ने बताया कि किसी के साथ फ्रॉड होता है और उसे पता लगने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करके सूचना दे सकता है। ऐसा करने पर रुपये फ्रीज कर दिए जाते हैं। अगर फोन न उठे तो ऑनलाइन माध्यम से भी इसकी शिकायत की जा सकती है। उन्होंने बताया कि अगर कोई भी बच्चा किसी भी तरह का अपराध करता है तो उसकी सजा उनके माता-पिता को भुगतनी पड़ती है। ऐसे में बच्चों को भी पूरी सावधानी बरत कर मोबाइल का प्रयोग करना चाहिए। एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि आज एक्सीडेंट की घटनाएं बहुत हो रही हैं। इसमें सबसे ज्यादा मौतें हेलमेट न पहनने के कारण हो रही हैं। इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने कहा कि आज साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि पासवर्ड को स्ट्रांग बनाएं और उसे बदलते रहें। इस दौरान छात्र व छात्राओं ने एसपी अनुराग आर्य से कई सवाल किए। किसी ने पूछा कि पुलिस अपराधों पर लगाम लगाने के लिए किस प्रकार कार्य करती है? किसी ने कहा कि वह आईपीएस अधिकारी बनना चाहता है इसके लिए उसे क्या करना होगा? इस दौरान थानों पर पुलिस द्वारा घूस लेने की बात भी छात्रों द्वारा उठाई गई। छात्रों ने अपने साथ कोई घटना होने पर कहां संपर्क करें? इस बारे में पूछा गया। इन सारे सवालों का जवाब देते हुए एसपी अनुराग आर्य ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा शांत की। कार्यक्रम का संचालन कालेज के मीडिया प्रभारी डा. वीके सिंह ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें