आजमगढ़। कोरोना के बढ़ते संक्रमण से हर कोई सहमा हुआ है। लेकिन एक तबका ऐसा है जो आज भी बिना डरे सहमे रोज सुबह काम की तलाश में निकलता है। काम मिलना भी कम हो गया है जिसके कारण काम न मिलने पर उसे मायूसी ही हाथ लग रहे है। लेकिन फिर वह अगले दिन काम की तलाश में निकल पड़ता है। आखिर परिवार का भरण पोषण की जिम्मेदारी है। एक ऐसा तबका भी है जिसे मजदूर कहा जाता है। यह वह तबका है जो रोज कुंआ खोदता है और रोज पानी पीता है। नगर क्षेत्र में कई स्थानों मजदूरों की मंडी लगती है। ग्रामीण क्षेत्र से मजदूर यहां काम की तलाश में पहुंचते हैं। घंटों यहां खड़े रहकर उनके द्वारा काम की तलाश की जाती है। दिनभर काम करने के बाद उन्हें जो मजदूरी मिलती है उसी मजदूरी से वह अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। कोरोना का संक्रमण बढ़ने के बाद जहां लोग घरों में कैद हो गए हैं। वहीं मंगलवार को नगर के चौक क्षेत्र, सिधारी पुल और अटलस पोखरा क्षेत्र में इन मजदूरों का जमावड़ा देखने को मिला। कोई मास्क लगाए हुए तो कोई बिना मास्क के ही सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए आपस में हंसी ठिठोली करते नजर आए। वर्तमान में बहुत से लोगों ने काम को बंद करा दिया है। जिसका परिणाम है कि इन मजदूूरों को काम मिलना बंद हो गया है। पूछने पर इन लोगों ने कहा कि जो होना है वह होगा उसे हम नहीं बदल सकते लेकिन अगर काम नहीं किया तो हमारे परिवार को भूखे रहना पड़ता है। इसलिए काम की तलाश में आना पड़ता है। कोरोना से उतना डर नहीं लगता है जितना परिवार की भूख से लगता है।