आजमगढ़। जिले में पांच साल से गन्ना न बोने वाले किसानों को समितियों से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। इसके लिए गन्ना विभाग ने सर्वे के दौरान अपनी तैयारी शुरू कर दी है। गन्ना विभाग द्वारा ऐसे किसानों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर किसानों की सदस्यता खत्म कर दी जाएगी। जिले भर में 26 अप्रैल से 10 जून तक सर्वे कार्य प्रस्तावित है। इनमें सठियांव चीनी मिल में आने वाले 2642 गांव के रकबे का सर्वे करने के लिए 22 टीमें बनाई गई है। जिसमें एक गन्ना विभागीय कर्मी और एक मिल के कर्मी संबंधित मिल क्षेत्र में जाएंगे व किसानों के गन्ने की बुआई वाले खेतों की स्थिति को देखते हुए उसका लेखा जोखा लेंगे। टीम के सदस्य किसानों से उनकी खसरा खतौनी प्राप्त करेंगे। जिससे किसी प्रकार की गड़बड़ी होने की संभावना न हो। जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल ने बताया कि पांच साल से गन्ना न बोने वाले किसानों को समितियों से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। इसके लिए विभाग ने सर्वे के दौरान अपनी तैयारी शुरू कर दी है। ऐसे किसानों को नोटिस भी भेजा जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित किसान की सदस्यता को भी समाप्त कर दिया जाएगा।