आजमगढ़। नगर पंचायतों व नगर पालिका परिषदों के लिए आरक्षण की घोषणा कर दी गई है। ऐसे में अब जल्द ही निकाय चुनाव की तारीखों का भी एलान हो जाएगा। सूची जारी होने के बाद चुनाव लड़ने वाले संभावित उम्मीदवारों में से किसी की उम्मीद टूटी तो कसी को खुशी मिली। ऐसे में सभी अब चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। जबकि इसे लेकर चट्टी चौराहों पर भी चर्चाएं होती रहीं। जिले में तीन नगर पालिका परिषद है। जिसमें नगर पालिका परिषद आजमगढ़ में 25, मुबारकपुर 25 व बिलरियागंज में 25 वार्ड हैं। वहीं 13 नगर पंचायतों में कुल 163 वार्डों में चुनाव होना है। उक्त वार्डों में 160 मतदान केंद्रों के 532 मतदान स्थलों पर होने वाले चुनाव के लिए आरक्षण सूची भी जारी कर दी गई। जिसमें कुल 413015 मतदाता मतदान करेंगे। सभासदी व अध्यक्ष पदों के लिए जारी आरक्षण ने चुनाव की रूपरेखा को ही बदल दिया है। ऐसे में उक्त सभासद और अध्यक्ष पद के प्रत्याशी या तो अपने परिवार के किसी अन्य सदस्य को या फिर अपने किसी खास व्यक्ति को मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं मनमाफिक आरक्षण न जारी होने पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे कई नेताओं के अरमानों पर पानी फिर गया है। ये नेता अब अपने खास या फिर विकल्प की तलाश में हैं। कई नए क्षेत्रों को शामिल किया गया है। यही नहीं, आरक्षण प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है। इससे चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे लोगों को झटका लगा है। एडीएम वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह ने बताया कि नगर पालिका व नगर पंचायतों के वार्डों आरक्षण शनिवार को जारी किए गए थे। अब सोमवार को नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्षों की आरक्षण सूची जारी कर दी गई है। हालांकि अभी आरक्षण सूची व्हाट्सएप पर ही आई है। डाक के माध्यम से नहीं आ सकी है।