आजमगढ़। शिब्ली नेशनल इंटर कालेज में जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं पुस्तक विक्रेताओं के साथ बैठक की। माध्यमिक शिक्षा परिषद के लिए कक्षा 9वीं से कक्षा 12वीं तक अधिकृत प्रकाशकों की एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों के क्रय-विक्रय, वितरण को लेकर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुस्तक विक्रेताओं ने कहा कि वे अधिकृत प्रकाशक की पुस्तकों का ही विक्रय करेंगे तथा अनाधिकृत प्रकाशक की पुस्तक के विक्रय का निषेध करेंगे। कहा कि आवश्यकता पड़ी तो हम सभी विद्यालय व अलग-अलग स्थानों पर स्टाल लगाकर पुस्तकों का विक्रय करेेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि जनपद में किसी भी अनाधिकृत प्रकाशन की पाठ्य पुस्तक गाइड, मेटजी व गेस पेपर आदि का प्रचलन एवं व्यवहृत पूर्णत: निषिद्ध है। प्रधानाचार्यों एवं पुस्तक विक्रेताओं द्वारा अधिकृत प्रकाशक की पाठ्य पुस्तकों का ही क्रय-विक्रय, वितरण एवं पठन- पाठन कराना सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया है।