आजमगढ़। अरौलिया थाने में शनिवार को विवाहिता ने पति समेत परिवार के पांच लोगों पर दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया। उसने बताया कि दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। इसके लिए मारपीट भी की जाती थी। अतरौलिया रोडवेज के पास छोड़ कर पति फरार हो गया है।
अतरौलिया कस्बा निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी बेटी शालिनी सिंह की शादी 2014 में बलिया के नगरा थानांतर्गत इंग्लिशिया निवासी राकेश सिंह से की थी। शादी में दान दहेज भी दिया था। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पांच लाख रुपये मायके से लाने की मांग की जाने लगी। इस दौरान वह एक बच्चे की मां भी बन गई। आए दिन उसे दहेज के लिए ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। इतना ही नहीं उसका स्त्रीधन भी ससुराल वालों ने पास रख लिया। हद तो तब हो गई जब आठ अप्रैल 2024 को पति ने जम कर पिटाई की। फिर गाड़ी से अतरौलिया रोडवेज के पास लाकर छोड़ दिया और भाग गया। किसी तरह वह मायके पहुंची और आपबीती परिजनों को बताया। तब से वह मायके में रहने को मजबूर है। शालिनी ने तहरीर में पति राकेश के अलावा ससुर राजकुमार, सास प्रेमलता, जेठ राजू सिंह व जेठानी सीता देवी को नामजद किया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की कवायद में जुट गई है।