आजमगढ़। मुरादाबाद डिपो की बस में डीजल चोरी पकड़े जाने व चोरी के अनोखे तौर-तरीकों का पता चलने पर परिवहन निगम मुख्यालय सतर्क है। आजमगढ़ में भी बसों की जांच शुरू हो चुकी है। निगम मुख्यालय ने फौरी तौर पर सभी डिपो को आदेश जारी कर बसों के टैंक व फर्श में हुए सुराखों की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी अगर डीजल चोरी पकड़ी गई तो चालक-परिचालक समेत डिपो के एआरएम व फोरमैन पर भी कार्रवाई होगी। मुख्यालय ने सप्ताह के भीतर सभी बसों का निरीक्षण कर रिपोर्ट भी तलब की है।
मुरादाबाद डिपो की एक बस में डीजल चोरी का मामला पकड़ा गया है। इसमें पता चला है कि चालक ने बस के अंदर फर्श की चैकर प्लेट काटकर छेद बनाया था, जिसमें ट्यूब डालकर ऊपर बैटरी चालित पंप से बस के अंदर ही टूल बक्से में रखे बर्तनों में डीजल भर लिया जाता था। यह कारनामा बस के अंदर बैठे-बैठे अंजाम दिया जाता था। पंप भी विशेष प्रकार का था, जिसको चालक ने डीजल चोरी करने के लिए बनवाया था। इसकी जानकारी होते ही मुख्यालय से मुख्य प्रधान प्रबंधक प्राविधिक राजीव आनंद ने सभी डिपो के एआरएम व सीनियर फोरमैन को सभी बसों की नियमित जांच करने का निर्देश जारी कर दिया। इसके बाद यहां के अधिकारी जांच पड़ताल में जुट गए। हालांकि अभी तक इस तरह का मामला सामने नहीं आया है।
00
कार्यशाला में नियमित चेकिंग के दौरान बस की फर्श व डीजल टैंक की जांच की जाएगी। परिचालक को भी निर्देशित किया गया है कि यात्रा के दौरान ऐसी किसी भी घटना की जानकारी अगर वह उच्चाधिकारियों के संज्ञान में नहीं लाता है तो डीजल चोरी पकड़े जाने पर चालक के साथ उसे भी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा।- मनोज कुमार बाजपेयी, आरएम।