रानी की सराय में हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश नसीम उर्फ लंबू। संवाद
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र में पुलिस और शातिर गो-तस्करों के बीच बुधवार की भोर में छैला इनार तिराहे के पास हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर गोली लगने से घायल हो गया। उसके दो साथी मौके से भाग निकले। घायल बदमाश नसीम उर्फ लंबू (40) को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी रानी की सराय भेजा गया है। पुलिस भागे हुए आरोपियों वसीम और भुटेली उर्फ करिया की तलाश में जुटी हुई है।थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात वह अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। सूचना मिली कि सोनवारा से बड़ैला ताल की ओर एक शातिर पशु तस्कर गिरोह अवैध हथियारों के साथ जा रहा है। पुलिस ने छैला इनार तिराहे पर घेराबंदी की। सामने से आ रही मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दो अन्य अंधेरे और सरसों की फसल का फायदा उठाकर भाग निकले। घायल बदमाश की पहचान नसीम उर्फ लंबू (40) निवासी कोटिला थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। मौके से एक तमंचा, एक कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि नसीम पर आजमगढ़ व आसपास के जिलों में चोरी, पशु तस्करी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर समेत 16 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस भागे हुए आरोपियों वसीम और भुटेली उर्फ करिया की तलाश में दबिश दे रही है।