आजमगढ़ जिले के शातिर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के क्रम में एसपी अनुराग आर्य ने दो और अपराधियों की हिस्ट्रीशीट संबंधित थानों में खुलावा दी है। इसमें एक पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत दो शातिर अपराधी शामिल हैं। एसपी की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के आमगांव निवासी ठाकुर मनोज सिंह पुत्र स्व. रघुपति सिंह के खिलाफ एसपी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई हुई है। दीदारगंज थाने में ठग के रूप में ठाकुर मनोज सिंह की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। ठाकुर मनोज सिंह मार्टीनगंज ब्लॉक के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं और इन पर ठगी के कई मुकदमें दर्ज हैं।
वहीं जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने गोवध मामले में समीर पुत्र स्व. यूनुस निवासी धौरहरा थाना कोतवाली जीयनपुर की भी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि दोनों अपराधी शातिर किस्म के हैं। इन पर और कड़ी कार्रवाई को लेकर हिस्ट्रीशीट खोली गई है। जल्द ही इन अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई होगी।