अहरौला। ''हेलो मैं बिजली विभाग के ऑफिस से बोल रहा हूं। आपके नाम जुर्माना और कंप्लेंट है। इसको सेटलमेंट करने के लिए दस हजार रुपये भेज दीजिए।'' ये बातें अहरौला थाना क्षेत्र के बस्ती भुजबल गांव के रहने वाले एक व्यक्ति को फोन करने वाले ने कहीं।
चार सितंबर को गोपालगंज भेदौरा स्थित बिजली सब स्टेशन की टीम बस्ती भुजबल बाजार में चेकिंग करने पहुंची थी। कई लोगों के खिलाफ बाईपास व चोरी का मामला पाया गया था। इसमें मुरली उपाध्याय का नाम भी शामिल है। जेई राजेंद्र कुमार ने मामले की रिपोर्ट कार्रवाई के लिए जनपद स्थित सिधारी बिजली थाने पर भेज दी। लगभग घंटे भर बाद ही उपभोक्ता मुरली उपाध्याय के पुत्र जितेंद्र उपाध्याय के मोबाइल पर फोन आया कि बिजली विभाग से बोल रहा हूं। आपके खिलाफ अभी संबंधित जेई ने रिपोर्ट भेजी है। आपके व्हाट्सएप पर जेई द्वारा भेजी गई रिपोर्ट भेज रहा हूं जुर्माना और मुकदमा दर्ज होगा। कार्रवाई से बचना है तो मामले के सेटलमेंट के लिए दस हजार रुपये देना पड़ेगा। जितेंद्र उपाध्याय ने 10 हजार रुपये भेजने में असमर्थता जताई। चार से पांच हजार भेजने की बात कही। फोन करने वाले ने जेई द्वारा भेजी गई चालान की कॉपी भी उपभोक्ता के व्हाट्सएप पर भेज दी। कहां कि आधे घंटे में पैसा भेजिए नहीं तो कार्रवाई हो जाएगी। इसके बाद फोन आया कि आपके कंप्लेन को क्लोज करने के लिए हमारे असिस्टेंट ने फोन किया था। पैसा नहीं आया बारकोड भी भेजा गया, जिसमें पैसा भेजना था। अंत में फोन करने वाले ने मात्र 1500 भेजने पर मामले को क्लोज करने की बात कही। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
00
निगम की ओर से इस तरह से किसी को फोन नहीं किया जाता है। उपभोक्ताओं को अगर इस तरह का फोन आता है तो बिजली थाना सिधारी पर या किसी निगम के अधिकारी से संपर्क करें। किसी को कोई पैसा न भेजें। - राजेंद्र कुमार, अवर अभियंता, गोपालगंज भेदौरा बिजली सबस्टेशन।