बलरामपुर। हर रविवार को लगने वाले मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में रविवार को जिले की 70 स्वास्थ्य केंद्रों पर 2695 लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई। इस बार स्वास्थ्य मेले में बच्चों की संख्या अधिक रही। स्वास्थ्य मेले में सर्दी, जुकाम, और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों के चलते मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी गई, विशेषकर बच्चों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि 70 स्वास्थ्य केंद्रों पर मेले का आयोजन हुआ। मेले में लोगों के स्वास्थ्य की जांच के लिए 93 डॉक्टर और 326 पैरा मेडिकल स्टाफ को ड्यूटी पर लगाई गई थी। मेले में 2695 मरीजों ने पंजीकरण कराया, इसमें 1073 पुरुष, 1120 महिलाएं और 502 बच्चे शामिल थे। सीएमओ ने कहा कि मौसमी बीमारियां जैसे सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। मरीजों को जांच के बाद उचित सलाह और आवश्यक दवाएं दी गईं। मेले में इलाज के लिए आए अधिकांश मरीजों को मौसमी बीमारियों की दवा दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य आम जनता को घर के पास स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। भविष्य में भी स्वास्थ्य मेले इसी प्रकार की सुविधाओं के साथ आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सस्ती और प्रभावी चिकित्सा मिल सके।