आजमगढ़। जनपद में चार दिसम्बर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसमें परिवार नियोजन गतिविधियों में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। सीएमओ डा. एके मिश्र ने बताया कि इस समय देश कोविड-19 महामारी से संघर्ष कर रहा है। इसके बावजूद हमें गुणवत्ता परक प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आम लोगों तक उपलब्ध कराना है। 21 नवम्बर से चार दिसम्बर तक नसबंदी पखवाड़े का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। इस बार पुरुष नसबंदी पखवाड़े की थीम ‘परिवार नियोजन में पुरुषों की साझेदारी, जीवन में लाए स्वास्थ्य और खुशहाली’ रखी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य कोविड-19 महामारी में भी जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए पुरुषों में जागरूकता के साथ परिवार नियोजन कार्यक्रम में उनकी सहभागिता से परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति प्रदान करना है। जिला व ब्लाक स्तर पर पुरुष नसबंदी पखवाड़ा दो चरणों में मनाया जाएगा। इसके तहत 21 से 27 नवंबर तक दंपति सम्पर्क चरण तथा 28 नवंबर से चार दिसंबर तक सेवा प्रदायगी चरण मनाया जाएगा।