श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को जनपद में कई जगहों पर दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विजय हासिल करने वाले गोविंदाओं की टोली को आयोजकों द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
शहर के सिधारी क्षेत्र स्थित श्री गौरीशंकर मंदिर में श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता हुई। सफलता सिधारी क्षेत्र के गोविंदा के हाथ लगी। विजेता हर्ष की टोली को कुसुमलता सिंह ने 51 हजार का पुरस्कार प्रदान किया।
अंबारी: फूलपुर तहसील के खानजहांपुर बुटकिया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दही हाड़ी मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान दही हांडी मटका फोड़ने के लिए दो टीमों ने भाग लिया। सबसे पहले खानजहांपुर बुटकिया की टीम ने दही हाड़ी मटका को फोड़ने की कोशिश की लेकिन असफल रही। दूसरी टीम पलियामाफी की टीम ने पहले ही प्रयास में दही हाड़ी मटका को फोड़ दिया। जिसके लिए टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया।