ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद अली अनवार अंसारी ने कहा कि प्रदेश के बुनकरों के साथ सरकार खिलवाड़ कर रही है। बुनकर को पावरलूम चलाने के लिए मार्च 2023 तक एक किलो वाट बिजली का 183 रुपये भुगतान करना पड़ता था। अब एक अप्रैल 2023 से 800 से ज्यादा देने पड़ रहे हैं। वह रविवार को शहर के बदरका स्थित एक कार्यक्रम में शामिल हाेने आए थे।अनवार अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार पसमांदा मुसलमानों के हित की बात करती है लेकिन असल में सरकार उनके धंधे को तबाह करने पर तुली है। धागे पर 12 और तैयार साड़ी पर 5 प्रतिशत जीएसटी लगता है। सरकार के इस रवैये से 50 प्रतिशत धंधा बंद हो गया है। खेती के बाद सबसे ज्यादा लोगों को रोजगार देने वाले इस धंधे के साथ सरकार खिलवाड़ कर रही है। दलित मुसलमान और दलित इसाइयों के आरक्षण का मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। इस मुद्दे पर सरकार ने लिखकर दे दिया है कि वह इस तरह का आरक्षण हरगिज नहीं देगी। कार्यक्रम में मोहम्मद अफजल इदरीसी को जिलाध्यक्ष नामित किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष रफीक अहमद, उपाध्यक्ष हाजी निसार अहमद भी मौजूद थे।