आजमगढ़। सपा जिला कार्यालय में सोमवार को महामानव गौतम बुद्ध की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनकी मूर्ति और चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। इस दौरान बहुजन चिंतक जीएस प्रियदर्शी ने बुद्ध के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में व्याप्त दुखों के निवारण के लिए तार्किक विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि बुद्ध ने अहिंसा, करुणा और बंधुता का मार्ग दिखाकर मानवतावादी समाज की स्थापना का रास्ता प्रशस्त किया। विधायक डॉ. संग्राम यादव, अखिलेश यादव और पूजा सरोज ने भी अपने विचार रखे। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बुद्ध के ज्ञान का प्रचार प्रसार करें। अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष जगदीश और राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने संचालन किया। कार्यक्रम में करुणा कांत मौर्य, रामप्यारे यादव, श्यामदेव चौहान, रामविलास मौर्य, राजेश यादव गेलवारा आदि उपस्थित थे। संवाद