शहर के मातबरगंज में श्री गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान प्रशाद लेते श्रद्घालु।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना के मनमोहक गीतों के बीच भगवान गणेश को बुधवार को धूमधाम के साथ विसर्जित किया गया। इस दौरान प्रथम पूज्य कहे जाने वाले भगवान श्रीगणेश के भक्त अपने ईष्टदेव के भक्ति भाव में सराबोर नजर आए। बताते चले कि कई वर्षों से शहर के पुरानी कोतवाली पर मराठा समुदाय द्वारा गणेश चतुर्थी के मौके पर श्रीगणेश प्रतिमा की स्थापना किया जाता है। जिसकी पूरी देखरेख मराठा परिवार व अन्य भक्तों द्वारा किया जाता है। इसके अलावा भी गणेश भक्त अपने घरों में प्रतिमा की स्थापना करते हैं। बुधवार को तय कार्यक्रम के अनुसार भगवान श्रीगणेश के प्रतिमा को लेकर भक्त आसिफगंज पहुंचे। जहां जुलूस की शकल में एक-एक करके सभी प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए कतारबद्ध किया गया। यह जुलूस अठवरिया मैदान से निकलकर पुरानी सब्जी मंडी, लालडिग्गी, चौक, पुरानी कोतवाली, दलालघाट होते हुए गौरीशंकर घाट पर पहुंचा। जहां भक्तों द्वारा श्रीगणेश प्रतिमा का नम आंखों से विसर्जन किया गया। इस मौके पर पुलिस प्रशासन भी जुलूस के साथ चलता रहा।
गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने जाते श्रद्घालु।- फोटो : AZAMGARH