फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: त्रिभुवन पांडेय हत्याकांड में चार आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के चर्चित त्रिभुवन पांडेय हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर हत्या जैसी गंभीर वारदात को अंजाम दिया और क्षेत्र में भय का वातावरण पैदा किया। थाना महराजगंज के प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार की तहरीर पर आराजी जजमनजोत निवासी गैंग लीडर अमरनाथ यादव उसके सहयोगी रामभवन पांडेय, दीनदयाल पांडेय और आदित्य पांडेय के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि 26 अक्तूबर 2025 को बैनामा की जमीन के विवाद में त्रिभुवन पांडेय की हत्या करके शव बैरिया नदी के किनारे फेंक दिया गया था। घटना के बाद महराजगंज थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान प्रारंभिक नामजद आरोपी श्रीराम यादव के खिलाफ साक्ष्य नहीं मिले, जबकि अमरनाथ यादव, रामभवन पांडेय, दीनदयाल पांडेय और आदित्य पांडेय की संलिप्तता के प्रमाण सामने आए। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के प्रभाव और आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल था। लोग उनके खिलाफ शिकायत या गवाही देने से भी डरते थे। इसी आधार पर गैंग चार्ट तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजा गया था। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त समिति की बैठक में गैंग चार्ट को मंजूरी मिलने के बाद चारों आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें