आजमगढ़। माफिया सरगना ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह व उसके चार सहयोगियों के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने गैंगेस्टर के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से बदमाशों में हड़कंप मच गया है। गैंगेस्टर के तहत दर्ज मुकदमे में पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की हत्या में शामिल ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह निवासी छपरा सुल्तानपुर, एजाज व रिजवान निवासी समुद्रपुर, सुरेंद्र यादव निवासी तेजपालपुर धुसवा व शिवकुमार निवासी खतिरपुर थाना कोतवाली जीयनपुर शामिल हैं। इंस्पेक्टर जीयनपुर कोतवाली नंद कुमार तिवारी ने बताया कि गैंगेस्टर के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसमें ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह जेल में बंद है। वहीं शेष चारों अपराधियों के गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।