फायर स्टेशन बूढ़नपुर पर कार्यरत दो कर्मियों में पहले से चल रहे विवाद ने तूल पकड़ लिया। एक कर्मी ने दूसरे पर सहयोगियों की मदद से हमला करवा दिया। जिससे कर्मी घायल हो गया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर वहां से हायर सेंटर रेफर किया गया। उधर, हमला करने वाले कर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। फायर स्टेशन पर बतौर लिडिंग फायरमैन के रूप में रूप नरायन मिश्रा की तैनाती है। जिन पर भ्रष्टाचार के कई आरोप है और उसकी जांच वाराणसी के एसपी कर रहे है। इस मामले में इसी फायर स्टेशन पर तैनात एफएसडी लक्ष्मण यादव ने रूप नरायन के खिलाफ चल रहे जांच में गवाही दी थी। रूप नरायन को यह नागवार गुजरा और वह मौके की तलाश में लग रहा। बृहस्पतिवार को लक्ष्मण को रूप नरायन ने उसके कमरे से यह कह कर बुलाया कि उनकी छुट्टी मंजूर हो गई है, वह कार्यालय आ जाए। लक्ष्मण जैसे ही कार्यालय के पास पहुंचा कि कार सवार कुछ लोग आए और लक्ष्मण को असलहा सटा कर पिटाई शुरू कर दी। जब तक लोग पहुंचते तब तक कार सवार हमलावर लक्ष्मण को मारपीट कर फरार हो गए। घायल को तत्काल सीएचसी रानीपुर ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल फिर हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि लिडिंग फायरमैन व एफएसडी के बीच कहासुनी व मारपीट हुई है। सिर में गंभीर चोट के चलते घायल एफएसडी को रेफर कर दिया गया है। आरोपी लिडिंग फायरमैन रूप नरायन मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही कप्तानगंज थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया जा रहा है। जांच पड़ताल पुलिस व फायर विभाग कर रहा है।