रानी की सराय। साइबर थाना पुलिस ने कॉल सेंटर के माध्यम से ठगी करने वाले एक व्यक्ति को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उसने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर एक व्यक्ति के खाते से 1.35 लाख रुपये निकाल लिए थे। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शहर के मड़या मुहल्ला निवासी विवेक अस्थाना ने साइबर क्राइम थाना में मुकदमा पंजीकृत कराया था कि क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर एक व्यक्ति ने उसके खाते से 1.35 लाख रुपये निकाल लिए। विवेचना में पता दिल्ली के पुराना नांगला इलाके का अभिषेक कुमार, नरेंद्र कुमार और द्वारका के गीता चौक निवासी गीताराम का नाम प्रकाश में आया। साइबर थाना पुलिस ने 19 जुलाई को अभियुक्त अभिषेक को उसके घर पर ही दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वह मोबाइल भी बरामद हुई, जिससे वह ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था। पूछताछ में उसने बताया कि क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर धोखे से ओटीपी प्राप्त कर ऑनलाइन ठगी करता था। साइबर आरोपी का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।