आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर सियरहा गांव में रविवार की सुबह शीशम का पेड़ काटने को लेकर हुई मारपीट में रिंकू की हत्या करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने सोमवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मारपीट की घटना में प्रयुक्त औजारों को भी बरामद कर लिया है।
श्रीनगर सियरहा गांव में दो भाईयों के बीच चल रहे संपत्ति विवाद में रविवार की सुबह खेत में स्थित शीशम के पेड़ को काटने का विरोध करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष द्वारा धारदार हथियार से किए गए हमले में दूसरे पक्ष के रिंकू वह पिंटू पुत्रगण रमेश यादव तथा उनकी माता फूलवासी देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां रिंकू यादव को मृत घोषित कर दिया गया।
घायल पिंटू व उसकी मां का अभी भी उपचार चल रहा है। इस मामले में मृतक के पिता रमेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में सुभाष यादव पुत्र दुबरी, किशन, अभिषेक उर्फ श्रीजनम उर्फ साधू पुत्रगण सुभाष तथा संगीता पुत्री सुभाष यादव के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को सोमवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त सभी आरोपी सियरहा एक्सप्रेस वे पुल के समीप मौजूद हैं। पुलिस तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश देकर वहां मौजूद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर ली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त औजारों को भी बरामद कर लिया है।