आजमगढ़। मुबारकपुर पुलिस ने सोमवार को चेकिंग के दौरान 11 किग्रा गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। चारों अंतर जनपदीय गांजा तस्कर हैं और बाइक से पीछे महिला को बैठा कर गांजा की तस्करी करते थे। इनके पास से पुलिस ने 11 किग्रा गांजा के अलावा 75 हजार रुपये नकद व दो बाइक भी बरामद किया है।
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि मुबारकपुर पुलिस ने सोमवार को कस्बा के दरियाबाद पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार दो महिलाओं व दो युवकों की चेकिंग की। उनके पास से बैग में गांजा बरामद हुआ। थाना लाकर जांच में 11 किग्रा गांजा, 75 हजार रुपये नकद बरामद किया। पूछताछ में चारों ने अपना नाम बृजेश चौहान निवासी बिजहरी थाना भुड़कुड़ा जिला गाजीपुर, रमेश चौहान निवासी अमवा थाना सहाबगंज जिला चंदौली, दीप उर्फ दीपू चौहान व मंशा देवी निवासिनी देवराज थाना बहरियाबाद जिला गाजीपुर बताया। पकड़ी गई दोनों महिलाएं मां-बेटी हैं। चारों गांजा तस्कर हैं। बाइक से घूम-घूम कर गांजा की सप्लाई करते हैं।