महाराजगंज क्षेत्र के भैरव बाबा धाम से कलशों में भरा जा रहा जल। संवाद
महाराजगंज। रूपयनपुर स्थित शिवालय से मंगलवार को कलश यात्रा निकालकर श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण करके यात्रा की शोभा बढ़ाई। मार्ग में हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्री शिवालय पातालेश्वर मंदिर समिति के तत्वावधान में मंदिर के महंत राजगुरु एवं आयोजक वशिष्ठ मिश्रा के नेतृत्व में कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा शिवालय पातालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित भैरव बाबा धाम के पोखरे तक पहुंची। वहां वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कलश में जल भरा गया। इसके पश्चात श्रद्धालु पुनः अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। आयोजक वशिष्ठ मिश्रा ने बताया कि महायज्ञ के यजमान महंत राजगुरु हैं। वृंदावन धाम से पधारे गणेश महाराज प्रतिदिन शाम छह बजे से रात्रि नौ बजे तक श्रद्धालुओं को प्रवचन का रसपान कराएंगे। महायज्ञ की पूर्णाहुति 15 जून को होगी, जबकि भंडारा 16 को होगा। इस अवसर पर विनोद कुमार, प्रदीप मिश्रा, सूर्य प्रकाश तिवारी, आशुतोष मिश्रा आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।