अहरौला। सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा के विधान परिषद सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य और फूलपुर पवई के सपा विधायक रमाकांत यादव शनिवार को लगभग 11 बजे पारा गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपहरण बाद हुई मौर्या दंपत्ति की हत्या को लेकर उनके परिजनों से मुलाकात की। सैकड़ों समर्थकों के साथ दोनों नेता स्वामी प्रसाद मौर्य और रमाकांत यादव पारा गांव में पहुंचे जहां इंद्रपाल मौर्य और उनकी पत्नी शकुंतला मौर्य के साथ हुई घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। मौर्य दंपति के दोनों लड़कियों प्रिया, खुशी और पुत्र शिवांश से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाते हुए परिवार आर्थिक मदद दी।इस घटना के लिए स्वामी प्रसाद मौर्या ने सीधे-सीधे प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया जिस तरह से योगीजी का बुलडोजर जाति और मजहब के नाम पर चल रहा है उसी तरह से इनके अधिकारी भी बेखौफ होकर जात और मजहब के नाम पर कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कि उल्टी गिनती शुरू हो गई है आजमगढ़ और रामपुर में दो जगह उपचुनाव चल रहा है दोनों जगह से उपचुनाव में इनकी विदाई होनी तय है। हमने एसपी आजमगढ़, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से भी बात की थी। कहा इतने बड़े मामले में अभी तक अहरौला पुलिस स्टेशन के इंचार्ज पर कार्रवाई नहीं की गई यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बात है। इस मौके पर पारा गांव के प्रधान बृजेश मौर्य, मिश्रौली के प्रधान रवीश पांडेय, डब्लू शुक्ला, हीरा मिश्रा आदि उपस्थित थे।