सोशल मीडिया पर एक युवक को महिला से दोस्ती कर इश्कबाजी करना महंगा पड़ गया है। महिला ने युवक की अश्लील वीडियो बना लिया है और उसे वायरल करने की धमकी दे रही है। बदले में पैसों की मांग की जा रही है। परेशान हाल युवक ने साइबर थाने पर शिकायती पत्रक दिया है। पूरा मामला हनी ट्रैप का है। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाले एक युवक के फेसबुक एकाउंट पर 21 जुलाई को एक युवती ने मैसेज किया। युवक से बात करते-करते उसने उसका मोबाइल नंबर भी मांग लिया। काॅल कर वह युवक से प्रेम प्रसंग की बात करने लगी। बात आडियो कॉल के बजाए वीडियो कॉल पर आ गई। जिसमें वह युवक के साथ अश्लील बातें करने लगी। वीडियो कॉलिंग के दौरान युवती ने युवक की अश्लील वीडियो रिकार्ड कर लिया। इसके बाद वह अश्लील वीडियो भेज कर पैसों की मांग करने लगी। धमकी भी दे रही कि यदि पैसे नहीं दिए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाएगा। साथ ही उसकी फेसबुक आईडी में जुड़े रिश्तेदारों को भी उक्त वीडियो भेज देगी। वह अलग-अलग नंबरों से कॉल कर पैसाें की डिमांड कर रही है। उधर, एक व्यक्ति ने तो खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि युवती ने अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डाला। उसे तो गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तारी से बचने की एवज में भी उससे पैसों की डिमांड की गई। परेशान हाल युवक ने साइबर थाने पर लिखित तहरीर देकर बदनामी से बचाने की गुहार लगाई है।