उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से मंगलवार को दूसरे दिन जिले के 20 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन हुआ। इसमें दूसरी पाली में दूसरे की जगह परीक्षा देते पांच आरोपियों के अलावा चार नकलची पकड़े गए। सभी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से कराई जा रही ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारी पुन: परीक्षा 2018 के दूसरे दिन मंगलवार को दूसरी पाली की परीक्षा में कुल सात केंद्रों पर नौ अभ्यर्थी पकड़े गए। इसमें चिल्ड्रेन में एक, अग्रसेन महिला पीजी कालेज में एक, डीएवी में दो, सेंट जेवियर्स स्कूल में एक, निस्वा इंटर कालेज में एक, राहुल सांकृत्यायन जन इंटर कालेज में एक, जीजीआईसी में दो को पकड़ा गया। एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे पांच आरोपी पकड़े गए। जबकि परीक्षा में नकल करते चार अभ्यर्थी पकड़े गए। संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों ने तहरीर दी है। पहले दिन की परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा देते तीन आरोपी पकड़े गए थे। तीन अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़े गए थे।