मेजवां। पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैय्या के जनसत्ता दल के राष्ट्रीय महासचिव केएन ओझा फूलपुर स्थित डाकबंगले पर पदाधिकारियों से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी एक्ट के तहत सवर्णों पर गिरफ्तारी की तलवार लटकाई जा रही है। हम इसके विरोध में नही हैं लेकिन चाहते हैं कि मामले में पहले विवेचना हो फिर गिरफ्तारी हो। संविधान की नजर में सब बराबर हैं। किसी के साथ जाति के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। अगर कोई जघन्य अपराध करे तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए लेकिन किसी निर्दोष को सजा न मिले। हमारी पार्टी किसानों, गरीबों, मजलूमों, और बेसहारा लोगों के हक की लड़ाई लड़ेगी। आज प्रदेश में जंगलराज हो गया। विपक्ष दूर भाग रहा है। फूलपुर में बिजली विभाग द्वारा बड़े बकाएदारों को छोड़ छोटे बकाएदारों के कनेक्शन काटने के मामले में पार्टी हाईकोर्ट में रीट दाखिल करेगी। इस मौके पर राणा अजय सिंह, रमेश चंद ओझा, कुलजीत सिंह, अभिषेक, दुर्गेश कुमार, अभय सिंह, अंगद सोनकर, अमरनाथ आदि थे।