आजमगढ़ जिले के पेडरा गांव के पास गुरुवार रात ग्राम प्रधान पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दिया। गोली प्रधान के हाथ को छूते हुए निकल गई। मौके पर ग्रामीणों के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अतरौलिया थाना क्षेत्र के पेडरा गांव निवासी बलराम यादव (42) अतरौलिया बाजार में मेडिकल हॉल चलाते हैं। वह गांव के प्रधान भी हैं।
रोजाना की तरह देर रात बलराम यादव दुकान बंद कर घर जा रहे थे। गांव से 100 मीटर पहले ही दो बाइक सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। बलराम कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने लक्ष्य कर फायर झोंक दिया। संयोग अच्छा था कि गोली बलराम के हाथ को छूते हुए निकल गई।
गोली की आवाज पर ग्रामीण मौके पर की तरफ भागे। बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना में घायल प्रधान को 100 शैय्या अस्पताल अतरौलिया ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिद्धार्थ तोमर व एसओ अतरौलिया नदीम अहमद फरीदी मौके पर पहुंच गए और जांच की कवायद में जुट गए।